फर्रुखाबाद:बाढ़ प्रभावित राजेपुर में होम्योपैथिक चिकित्सालय ने किया 180 मरीजों का उपचार, पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2026  जनपद के बाढ़ प्रभावित राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय (AAAM) कढ़हर में बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सालय परिसर में कुल 180 रोगियों का होम्योपैथिक उपचार प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह द्वारा किया गया।

सितंबर माह में संचालित पोषण माह अभियान के अंतर्गत चिकित्सालय परिसर में आयोजित जागरूकता शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने उपस्थित रोगियों, उनके परिजनों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

शिविर के दौरान उपचार के लिए पहुंचीं गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बालक-बालिकाओं तथा किशोरियों के स्वास्थ्य की विधिवत जांच की गई। इस दौरान वजन, ऑक्सीजन स्तर, तापमान, रक्तचाप, श्वसन दर एवं एनीमिया आदि की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई।

डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। विशेष रूप से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी को ताजा, पौष्टिक, स्थानीय एवं विविधतायुक्त भोजन उचित मात्रा में लेने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार बेहद महत्वपूर्ण है। अभिभावकों से अपील की गई कि छोटे बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से वजन अवश्य करवाएं, ताकि बच्चों के विकास एवं पोषण की स्थिति की समय-समय पर निगरानी की जा सके।

जागरूकता शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति भी सजग किया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चिकित्सालय द्वारा उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने से ग्रामीणों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी प्राप्त हुई।

Leave a Comment