फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 26 सितंबर 2026 जिले में पिछले करीब 35 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है। लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मुख्य सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे ट्रैक पर भरा पानी
कानपुर-फर्रुखाबाद रेलवे ट्रैक पर फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के बीच पानी भर गया है। जलभराव को देखते हुए ट्रेनों को कासन देकर करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से निकाला जा रहा है।
नेकपुर पुल के पास रेलवे कर्मचारी पंप लगाकर ट्रैक से पानी निकालने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 50 मीटर हिस्से में रेलवे ट्रैक पानी में डूबा हुआ है। रेल यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए कर्मचारी लगातार पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
शहर के कई इलाकों में जलभराव
बारिश का असर फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग, नेशनल हाईवे पांचाल घाट, मदारबाड़ी और अन्य क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
नेकपुर में सिटी पब्लिक स्कूल वाली गली में करीब एक फीट तक पानी जमा होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों को इसी पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
मोहल्लों से मुख्य मार्ग तक परेशानी
लगातार बारिश के कारण शहर और देहात के कई इलाकों में गलियां और सड़कें जलमग्न हैं। जलभराव के चलते लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए हैं। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
सड़कों पर कम हुई आवाजाही
बारिश का असर शहर की सामान्य गतिविधियों पर भी पड़ा है। आम दिनों की तुलना में सड़कों पर कम आवाजाही दिखाई दे रही है। रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम नजर आई।
लगातार बारिश के बीच जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की परेशानी सबसे अधिक बढ़ गई है। लोगों को अब बारिश थमने और जलभराव से राहत मिलने का इंतजार है।