फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तर्ज पर जनपद फर्रुखाबाद में चल रहे जनपद स्तरीय ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेला का आज द्वितीय दिन क्रिश्चियन कॉलेज ग्राउंड, फर्रुखाबाद में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। स्टालों पर स्टॉलधारकों के उत्पादों में लोगों की काफी रुचि देखी गई और खरीददारी का उत्साह भी शानदार रहा।
द्वितीय दिन 10 अक्टूबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। कार्यक्रम में जनपद के प्रसिद्ध आल्हा गायक श्री बलराम जी ने आल्हा गायन प्रस्तुत किया। उनके गायन में देशभक्ति एवं राष्ट्रवाद की भावना इस प्रकार प्रकट हुई कि आगंतुकों में उत्साह और हर्षोल्लास की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों का सम्मान उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा किया गया।
उपायुक्त उद्योग ने लोगों से अपील की है कि वे 11 अक्टूबर (शनिवार) को स्वदेशी मेले के तीसरे दिन भी अधिक से अधिक संख्या में पहुँचे। इस दिन श्री सुरेंद्र पाण्डेय जी द्वारा रामलीला प्रसंग और श्री अरविंद दीक्षित जी द्वारा भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। उपायुक्त उद्योग ने आगंतुकों से अनुरोध किया है कि वे कलाकारों का हौसला बढ़ाएँ और स्टालों से अपने जनपद में निर्मित उत्पाद खरीदकर मेले को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वदेशी मेला न केवल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को भी बढ़ावा दे रहा है।
