Sunday, 20 September 2026 | 9:57 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:डीएम अंकुर लाठर का औचक निरीक्षण, खंडौली गौशाला में व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अमृतपुर तहसील के खंडौली गौशाला और पिथनापुर पंचायत घर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश की देखभाल, ईयर टैगिंग, वृक्षारोपण, चारा व्यवस्था और पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद:डीएम अंकुर लाठर का औचक निरीक्षण, खंडौली गौशाला में व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 19 सितंबर 2026 तहसील समाधान दिवस के आयोजन के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को जनपद में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए अमृतपुर तहसील क्षेत्र के विकासखंड राजेपुर स्थित ग्राम खंडौली की गौशाला और ग्राम पिथनापुर के पंचायत घर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले खंडौली गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गौशाला परिसर में सघन वृक्षारोपण कराने और लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मादा बछड़ों को पात्र कुपोषित परिवारों को उपलब्ध कराया जाए, जिससे बछड़ों का पालन-पोषण होने के साथ कुपोषित बच्चों को भी पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सके। उन्होंने गौशाला में संरक्षित प्रत्येक गौवंश की ईयर टैगिंग कराने तथा गौवंश की देखरेख में लगे संरक्षकों का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि संक्रमण से स्वस्थ गौवंश को सुरक्षित रखा जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने गौवंश को गुड़ एवं चना भी खिलाया।

गौशाला में मौजूद अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में यहां 263 गौवंश संरक्षित हैं, जिनमें 195 नर और 68 मादा गौवंश शामिल हैं। सभी पशुओं का टीकाकरण कराया जा चुका है। वृक्षारोपण अभियान के तहत गौशाला में पांच छायादार पौधे लगाए गए हैं। गौवंश के संरक्षण के लिए पांच शेड बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 50 गौवंश रखने की है।

गौशाला में प्रतिदिन गौवंश के भरण-पोषण के लिए करीब 33 कुंतल हरा चारा उपलब्ध कराया जाता है, जबकि वर्तमान में करीब 68 कुंतल भूसा भी उपलब्ध है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पिथनापुर स्थित पंचायत घर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित पुस्तकालय का शुभारंभ किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पुस्तकालय को नियमित रूप से साफ-सुथरा रखा जाए।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची पंचायत घर के मुख्य द्वार की दीवार पर चस्पा कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रधान को ग्राम के सभी कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।