जान्हवी और खुशी संग जैसा दिखता है वैसा नहीं है अर्जुन कपूर का रिश्ता, बोले- ‘झूठ नहीं बेचना चाहता’

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपने परिवार के कितना करीब हैं ये तो सभी जानते हैं। श्रीदेवी के निधन के बाद से ही अर्जुन कपूर अपनी सौतेली बहनें जान्हवी कपूर और खुशी कपूर के भी करीब आ गए हैं। हाल ही में अर्जुन कपूर, अंशुला कपूर, जानहवी कपूर और खुशी कपूर पिता बोनी कपूर के साथ डिनर पर भी गए थे। जिसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर भी शेयर की थी। अब हाल ही में अर्जुन कपूर ने जान्हवी और खुशी के साथ अपने बॉन्ड को लेकर भी खुलकर बात की है।

अर्जुन कपूर ने हाल ही में बॉलीवुड बबल के साथ बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने जान्हवी और खुशी के साथ अपने बॉन्ड के बारे बताया है। अर्जुन कपूर ने कहा कि, ‘अगर मैं कहूं कि हम एक परफेक्ट फैमिली हैं तो यह गलत होगा। यह अलग विचारों की बात नहीं है, हम अभी भी अलग परिवार हैं जो कि एक साथ रिश्ता निभाने की कोशिश कर रहे हैं। जब हम साथ में होते हैं तो कमाल का वक्त बिताते हैं लेकिन फिर भी हम एक नहीं हैं।’

अर्जुन कपूर ने आगे बताया, ‘मैं एक झूठ नहीं बेचना चाहता कि सबकुछ सही है। यह सही नहीं हो सकता क्योंकि हम अभी भी एक दूसरे को जानने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी जिंदगी में दो बड़े दुर्भाग्यपूर्ण पल थे जिन्होंने हमें साथ ला दिया। हम हमेशा टूटे हुए टुकड़ों की तरह रहेंगे। एक दूसरे की जिंदगी की दूरियों को भरने की कोशिश कर रहे हैं।’

आगे अर्जुन कहा कि ‘हम एक दूसरे का सहारा हैं। जान्हवी और खुशी के जन्म के 20 साल बाद हम मिले। मैं अभी 35 साल का हूं, अंशुला 28 की है। हम मैच्योर्ड एडल्ट हैं। हमें ऐसे एक दूसरे से मिल जाना काफी कठिन लग रहा है। और मुझे यह भी लगता है कि सबकुछ ठीक नहीं होने से आप एक साथ रहना सीखते हैं और आप मतभेदों का सम्मान करना सीखते हैं। एक तरह से हम भी बहुत हद तक एक जैसे हैं। हममें अपने पिता के जीन हैं।’

बता दें कि अर्जुन कपूर इन दिनों ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि अर्जुन कपूर और जान्हवी कपूर एक साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। दरअसल जान्हवी कपूर ने हाल ही में अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बूमरैंग वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में अर्जुन और जान्हवी दोनों उछलते-कूदते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ जान्हवी ने लिखा था, ‘जल्द आ रहा है… कुछ ख़ास।’ इस वीडियो के साथ जान्हवी और अर्जुन के फैंस काफ़ी उत्साहित हो गए हैं।