विज्ञापनों में काम करने वाली अनुष्का शर्मा पहली ही फिल्म में हो गई थी हिट

अनुष्का शर्मा का जन्म एक मई 1988 को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हुआ। उनके पिता अजय कुमार शर्मा सेना से जुड़े हुए हैं जबकि उनकी मां आशिमा शर्मा एक होममेकर हैं। आर्मी फैमिली की वजह से अनुष्का ने अपनी पढ़ाई अलग-अलग जगहों से की है।
एड फिल्मों में किया काम
अनुष्का को शुरुआत से मॉडलिंग और अभिनय के क्षेत्र में रुचि थी। ग्रेजुएशन करने के बाद वो मुंबई पहुंचीं और मॉडलिंग करने लगीं। 2007 में उन्होंने लक्मे फैशन वीक से डेब्यू किया। उन दिनों अनुष्का ने कई बड़ी कंपनियों जैसे सिल्क एंड साइन, फिएट, व्हीस्पर और पैराशूट के विज्ञापन किए।
शाहरुख खान के साथ किया डेब्यू
अनुष्का शर्मा ने 2008 में आदित्य चोपड़ा की रोमांटिक ड्रामा ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से डेब्यू किया। इसमें वो शाहरुख खान के अपोजिट थीं। यशराज बैनर के साथ उन्होंने तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। इसके अलावा उन्होंने ‘बदमाश कंपनी’ और ‘बैंड बाजा बारात’ की।
प्रोडक्शन हाउस की फिल्म
फिल्मों के अलावा अनुष्का अपना प्रोडक्शन हाउस क्लीन स्लेट फिल्म्ज भी संभालती हैं। 2015 में उनके प्रोडक्शन की पहली फिल्म ‘एनएच 10’ रिलीज हुई। फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी काफी सराहा।
विराट कोहली के साथ शादी की
दिसंबर 2017 में अनुष्का ने क्रिकेटर विराट कोहली के साथ सात फेरे लिए। दोनों ने इटली में परिवारवालों और करीबी दोस्तों के बीच शादी की। अनुष्का ने जब शादी की वो 29 साल की थी। फिल्मफेयर मैगजीन के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि ‘एक फीमेल एक्टर होने के नाते शादी के लिए 29 साल की उम्र कम होती है लेकिन मैंने यह किया क्योंकि मैं उससे प्यार करती थी।‘ अनुष्का ने इसी साल बेटी वामिका को जन्म दिया है। फिलहाल वो अपने परिवार के साथ वक्त बिता रही हैं।
प्रोडक्शन हाउस में व्यस्त
अनुष्का शर्मा आखिरी बार फिल्म ‘जीरो’ में नजर आई थीं। इसमें उनके साथ शाहरुख खान और कटरीना कैफ की मुख्य भूमिका थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। इसके बाद वो प्रोडक्शन हाउस में व्यस्त हो गईं। पिछले साल उनके प्रोडक्शन हाउस की वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ अमेजॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई। साथ ही उन्होंने नेटफ्लिक्स के लिए फिल्म ‘बुलबुल’ भी प्रोड्यूस की।