फर्रुखाबाद में सन क्लासेज एंड लाइब्रेरी कोचिंग संस्थान में भीषण विस्फोट, एक की मौत, 5 बच्चे समेत 6 घायल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 जनपद के सातनपुर मंडी रोड स्थित सन क्लासेज एंड लाइब्रेरी कोचिंग संस्थान में शनिवार को अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भयंकर था कि कोचिंग सेंटर और उसके आसपास का इलाका कई मीटर तक हिल गया और मलबा 200 मीटर दायरे तक बिखर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 बच्चों सहित 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे के दौरान पढ़ाई कर रहे थे दर्जनभर से अधिक छात्र

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के वक्त कोचिंग सेंटर में करीब एक दर्जन से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मकानों और दुकानों के शीशे तक टूट गए। विस्फोट में घायल 5 बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लोहिया लाया गया, जहां से दो बच्चों को उनकी गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

एक युवक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

विस्फोट में दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें से एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रशासन और पुलिस मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएम, एसपी, एडिशनल एसपी, सीओ सिटी, मजिस्ट्रेट और कार्यवाहक तहसीलदार सनी कनौजिया समेत कई थानों का फोर्स घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। विस्फोट इतना जोरदार था कि कोचिंग सेंटर के सामने खड़ी मोटरसाइकिलें और साइकिलें भी कई फीट दूर जाकर गिरीं।

मलबे में तब्दील हुआ कोचिंग सेंटर

कोचिंग सेंटर के टीन शेड समेत पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट की चपेट में आए एक व्यक्ति के चीथड़े उड़ गए और उसका हाथ कई फीट दूर जाकर गिरा। चारों ओर मलबा और खून के निशान देखे गए।

कारण अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। चर्चा है कि शौचालय के टैंक में गैस भर जाने से विस्फोट हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है।