Tuesday, 24 November 2026 | 7:36 PM
उत्तर प्रदेश

जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह समारोह।

Share:
जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह समारोह।
कासगंज 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद में 167 जोड़ों का विवाह संपन्न।

जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह समारोह।

कासगंज, 23 नवम्बर 2026 (सू0वि0)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद कासगंज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन विकासखंड परिसर कासगंज एवं सोरों में किया गया। समारोह में कुल 167 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें विकासखंड सोरों में 87 तथा विकासखंड कासगंज में 80 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कासगंज में 6 मुस्लिम जोड़ों का विवाह भी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया।
      कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख यशवीर सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त जिला विकास अधिकारी सुभाष, जिला परियोजना निदेशक, उपनिदेशक कृषि एवं जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
      मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद कासगंज में कुल 573 जोड़ों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना है।
      योजना के अंतर्गत पात्र कन्या के दांपत्य जीवन एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की सहायता राशि कन्या के आधार लिंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। नवयुगलों को 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की गयी तथा आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 15 हजार रुपये व्यय किए गये।
      योजना का लाभ लेने के लिए परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये निर्धारित है। विवाह के समय कन्या की आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। योजना में आवेदन https://cmsvy.upsdc.gov.in/reg/index.php पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।