Thursday, 15 October 2026 | 4:25 AM
भारत

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर शेरघाटी पहुंचा बाइक रैली

Share:
राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर शेरघाटी पहुंचा बाइक रैली
Read in your preferred language.


युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील, पश्चिम बंगाल व झारखंड पुलिस के जवान हुए शामिल

द दस्तक 24 , शेरघाटी (गया) से कौशलेंद्र की रिपोर्ट 
 राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकली अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार को शेरघाटी पहुंची। जहां गोपालपुर स्थित जीटी रोड पर सूर्यमणि होटल के प्रांगण में गया ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल के नेतृत्व में स्थानीय डीएसपी संदीप कुमार आदि पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से स्वागत किया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रैली में पश्चिम बंगाल और झारखंड पुलिस के जवान शामिल हैं।

शेरघाटी पहुंचने पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रैली में शामिल पुलिसकर्मियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद रैली अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रैली औरंगाबाद होते हुए वाराणसी तक पहुंचेगी। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक करना है।

गया की ग्रामीण पुलिस अधीक्षक दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में इस अंतरराज्यीय बाइक रैली का आयोजन किया गया है। विभिन्न राज्यों की पुलिस के जवानों की भागीदारी से आपसी समन्वय, सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की जरूरत है।

युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील

बिहार पुलिस के जागरूकता पोस्टर पर 'नशे को कहें ना' और 'आपका भविष्य आपके हाथों में है' जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई है। पोस्टर पर 'नक्सल पर जीत बनी बिहार की पहचान, अब नशे पर विजय-बिहार की नई उड़ान' का संदेश भी अंकित है।

पुलिस की ओर से युवाओं को शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान में यह संदेश दिया जा रहा है कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है।

शेरघाटी में पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

रैली के आगमन पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 संदीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 राजन कुमार, इंस्पेक्टर नेयाज अहमद, शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार और एसआइ मोहम्मद इम्तियाज सहित पुलिस टीम के अन्य जवान मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग किया।