फर्रुखाबाद:बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा के शहादत दिवस पर जन अधिकार पार्टी ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 जन अधिकार पार्टी के तत्वावधान में कायमगंज क्षेत्र के ग्राम चिल्सरी में महान समाजवादी चिंतक एवं सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा का शहादत दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष और विचारों को याद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा ने सामाजिक असमानता, शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए वंचित एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की लड़ाई के लिए समर्पित रहा।

वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके संघर्ष और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समानता, सामाजिक सम्मान तथा सभी वर्गों के हक-अधिकार के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुदेश शाक्य, मंडल सचिव श्यामपाल शाक्य, जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य, शिवेंद्र सविता, पवन कुशवाहा तथा जिला पंचायत प्रत्याशी लालू कुशवाहा सहित जन अधिकार पार्टी के तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा के सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को आगे बढ़ाने तथा समतामूलक समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment