फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक के ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी विभाग द्वारा किसानों और महिलाओं पर कथित फर्जी मुकदमों के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को दसवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर किसानों और महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी मौजूद रहे। किसान नेताओं ने आंदोलन को मजबूती देने के लिए जिलेभर के किसानों से एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि सभी किसानों को एकजुट होकर एक-दूसरे के संघर्ष में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बराकेशव के किसान संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए जिले के अन्य किसान भी उनके साथ खड़े हों। यदि आज बराकेशव के किसानों का सहयोग किया जाएगा तो आने वाले समय में बराकेशव के किसान भी अन्य किसानों के साथ मजबूती से खड़े मिलेंगे।
उन्होंने औद्योगिक गलियारे से जुड़े किसानों का भी आह्वान करते हुए कहा कि सभी किसान धरना स्थल पर पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।
‘ज्यों-ज्यों धरना आगे बढ़ेगा, किसान जीत की ओर बढ़ेगा’
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि धरने का आज दसवां दिन है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे आंदोलन आगे बढ़ेगा, चकबंदी प्रक्रिया पिछड़ती जाएगी और किसान अपनी मांगों की जीत की ओर अग्रसर होता जाएगा।
अजय कटियार ने किसानों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे के कारण परिवारों में लड़ाई-झगड़े बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने की जिम्मेदारी समाज और किसानों की भी है। उन्होंने किसानों से अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने किसानों से घरों में पशुपालन करने की अपील करते हुए कहा कि पशुपालन से परिवार को शुद्ध दूध उपलब्ध होगा और पशु किसान के लिए ‘एटीएम’ की तरह है, जो जरूरत के समय आर्थिक सहारा देता है।
‘बराकेशव के किसानों को आज आपकी जरूरत है’
अजय कटियार ने कहा कि बराकेशव गांव के किसानों ने हमेशा जनपद के किसानों के संघर्ष में सहयोग किया है। चाहे बहोरा की चकबंदी का मामला रहा हो, टोल प्लाजा पर किसानों को आवश्यकता पड़ी हो या गंगापार क्षेत्र के किसानों की मदद की जरूरत रही हो, बराकेशव के किसान हमेशा आगे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज बराकेशव के किसानों को जिले के अन्य किसानों के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गांव के छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं की ओर भी सभी को ध्यान देना चाहिए। किसान नेता ने आंदोलन को हरसंभव सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि किसानों के हित में आवश्यकता पड़ने पर किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।
धरना प्रदर्शन का संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया, जबकि अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की।
इस अवसर पर कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला संगठन मंत्री संजीव यादव, जिला सचिव बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, राजेश गंगवार, जगन्नाथ शाक्य, बड़े यादव, अजीत सोमवंशी, हिमांशु यादव, प्रेम चंद्र दद्दा, राजेश यादव सहित सैकड़ों की संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
