फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2026 शहर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने घर में घुसकर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण, मोती के हार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
31 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को साहबगंज निवासी राजेश भान साध ने कोतवाली फर्रुखाबाद में तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर चोरी किए जाने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 181/2026 के तहत धारा 305 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपियों को चोरी के माल समेत गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी और एक बाल अपचारी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशू पुत्र प्रदीप सिंह निवासी गंगा दरवाजा टूटी पुलिया, थाना मऊदरवाजा, पप्पू मंडल पुत्र होरेन मंडल निवासी कुलेसरा, थाना ईकोटेक-03, गौतमबुद्ध नगर, तथा संदीप पुत्र शिवराम सिंह निवासी खानपुर टूटी पुलिया गंगादरवाजा, थाना मऊदरवाजा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा है।
आरोपियों से भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक आशू के कब्जे से चूड़ी, कंगन, कड़े, हार, मोती के हार, कान के झुमके, एंड्राइड मोबाइल और 4,000 रुपये नकद बरामद हुए। पप्पू मंडल के पास से मोती के हार, चेन, हार, कंगन, कड़े, अंगूठियां, घड़ी, चूड़ियां, ब्रेसलेट, कान के टॉप्स, पायल, सिक्का, चेन और 3,000 रुपये नकद मिले।
संदीप के कब्जे से चूड़ियां, चूड़ी, हार, अंगूठियां, मोती हार, गले का सेट, घड़ी, मोती की चेन, कान के कुंडल, एंड्राइड मोबाइल और 4,500 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं बाल अपचारी के पास से हार, चूड़ियां, कंगन, कड़ा, अंगूठियां, मोती की माला, चेन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 3,320 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक संत कुमार के नेतृत्व में की गई। कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह गहलोत, उपनिरीक्षक अंकुर भाटी, उपनिरीक्षक बृजनंदन समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
