लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2026 उत्तर प्रदेश में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों के हितों को सुरक्षित और मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संपूर्ण आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का लखनऊ में शुभारंभ किया गया।
UPCOS के माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों को उनकी मेहनत का उचित मानदेय दिलाने के साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा की गारंटी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि किसी आउटसोर्स कर्मचारी के साथ कोई घटना या दुर्घटना होने पर वह और उसका परिवार अकेला न पड़े, बल्कि उसे सामाजिक सुरक्षा का आवश्यक कवर प्राप्त हो।
शुभारंभ अवसर पर UPCOS के पोर्टल, वेबसाइट एवं लोगो का अनावरण किया गया। इसके साथ ही आउटसोर्स कार्मिकों को चेक भी वितरित किए गए। इस पहल को प्रदेश में आउटसोर्स व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और कर्मचारी हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आउटसोर्स कार्मिकों के कल्याण, उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई। डिजिटल एकीकरण के जरिए आउटसोर्स मानव संसाधन से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने और कार्मिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पूर्व मिली इस सौगात को लेकर आउटसोर्स कार्मिकों में भी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर सभी आउटसोर्स कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
