वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट की दुनिया में अलग पहचान बना ली है. महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया और इसके बाद जिम्बाब्वे में भारतीय सीनियर टीम के लिए भी अर्धशतक जड़कर अपनी काबिलियत दिखाई.
आईपीएल के दौरान वैभव ने पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाजों का सामना किया, लेकिन बड़े नामों के खिलाफ भी उनका आक्रामक अंदाज नहीं बदला. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस युवा बल्लेबाज को रोकने की रणनीति क्या होनी चाहिए.
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह से जब वैभव के खिलाफ गेंदबाजी की रणनीति को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने एक सीधा जवाब दिया. हरभजन के मुताबिक, वैभव के खिलाफ बचाव की रणनीति अपनाना उल्टा पड़ सकता है. उसके खिलाफ शुरुआत से ही आक्रमण करना जरूरी है.
हरभजन ने PTI से कहा, “मैं अपनी फील्डिंग इस हिसाब से सेट नहीं करूंगा कि वह क्या कर रहा है. मैं फील्ड को इस आधार पर लगाऊंगा कि मैं खेल को किस तरह देख रहा हूं. अगर मैं खुद को बचाने के लिए गेंदबाजी करूंगा, तो यह काम नहीं करेगा. उससे बचने का एकमात्र तरीका उस पर हमला करना है.”
उन्होंने आगे कहा कि वैभव कुछ गेंदों पर बड़े शॉट लगा भी सकता है, लेकिन गेंदबाज को अपनी रणनीति से पीछे नहीं हटना चाहिए. हरभजन ने कहा, “हो सकता है कि वह कुछ समय तक मुझे शॉट्स मार दे, लेकिन अगली गेंद भी उसी योजना के अनुसार होनी चाहिए.”
हरभजन सिर्फ वैभव को रोकने की रणनीति तक सीमित नहीं रहे. उन्होंने इस युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ भी की. उनके मुताबिक, इतनी कम उम्र में दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के सामने वैभव का बेखौफ अंदाज असाधारण है. हरभजन ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी शानदार खिलाड़ी हैं. वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैंने पहले कभी नहीं देखा. 14-15 साल की उम्र में कोई दुनिया के गेंदबाजों पर इस तरह हावी हो रहा है.” उन्होंने आगे कहा, “दुनिया के शीर्ष गेंदबाज भी इस समय यह सोच रहे हैं कि उन्हें वैभव को कहां गेंदबाजी करनी चाहिए. यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है.”
हरभजन का मानना है कि वैभव आने वाली पीढ़ी के लिए मिसाल बन सकते हैं. वह बहुत से बच्चों के लिए एक उदाहरण बनने वाले हैं, क्योंकि अब कई बच्चे वैभव सूर्यवंशी जैसा बनने का सपना देख रहे हैं.”
