** मिश्रिख संदना/सीतापुर। थाना संदना क्षेत्र के ग्राम भैरमपुर निवासी बबलू पुत्र जगन्नाथ ने थाना प्रभारी संदना को प्रार्थना पत्र देकर एक निजी क्लीनिक संचालक डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार, बबलू के पिता जगन्नाथ को दांत में दर्द की शिकायत थी। 18 जुलाई 2026 को उन्हें संदना ब्लॉक गोंदलामऊ स्थित एक मेडिकल स्टोर/क्लीनिक पर ले जाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा दांत निकालने की बात कही गई। आरोप है कि दांत निकालने के बाद जगन्नाथ को काफी दर्द होने लगा। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी।पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन पुनः डॉक्टर के पास ले जाने पर उनके पिता की हालत गंभीर हो गई। डॉक्टर द्वारा उन्हें एक ग्लूकोज की बोतल चढ़ाई गई, जिसके बाद उनकी हालत और बिगड़ गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल सहित कई अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनका समुचित उपचार नहीं हो सका और उन्हें वापस घर लाना पड़ा।प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 12 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे जगन्नाथ की मृत्यु हो गई। बबलू ने आरोप लगाया कि उसके पिता की मौत डॉक्टर के कथित गलत इलाज के कारण हुई। साथ ही उसने आरोप लगाया कि संबंधित डॉक्टर के पास कथित रूप से अवैध क्लीनिक एवं मेडिकल खोलकर लोगों का इलाज किया जा रहा है।प्रार्थी का यह भी आरोप है कि जब उसने डॉक्टर से इस संबंध में बात की तो डॉक्टर ने उसके और उसके पिता के साथ कथित रूप से जातिसूचक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा धमकी दी।पीड़ित बबलू ने थाना प्रभारी संदना से पूरे मामले की जांच कर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीतापुर:इलाज के दौरान पिता की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही व जातिसूचक गाली देने का आरोप ?
