फर्रुखाबाद:श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर एएसपी गिरीश कुमार सिंह ने किया श्रंगीरामपुर व पांचाल घाट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए फर्रुखाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह फतेहगढ़ ने थाना कमालगंज क्षेत्र के श्रंगीरामपुर घाट तथा थाना कादरीगेट क्षेत्र के पांचाल घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, घाटों पर निगरानी बढ़ाने एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लें, जिससे श्रावण मास के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें।

Leave a Comment