बिग बॉस 19 में हिस्सा लेने के बाद एंटरप्रेन्योर और रियलिटी टीवी पर्सनैलिटी तान्या मित्तल घर-घर में जानी-पहचानी हस्ती बन गईं। हालांकि, इस लोकप्रियता की एक कीमत भी चुकानी पड़ी। सलमान खान की होस्टिंग वाले शो में मिले अनुभव की वजह से वह दोबारा रियलिटी शो की दुनिया में लौटने को लेकर हिचकिचाने लगी थीं। उनका कहना है कि मुझे लगा कि लोग मुझसे सिर्फ टीआरपी चाहते थे, चाहे मुझे नीचा दिखाकर या उकसाकर।
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में तान्या मित्तल ने कहा कि कैसे उनकी मां ने उन्हें दोबारा रियलिटी शोज में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंन कहा कि मैंने मन बना लिया था कि अब कोई और रियलिटी शो नहीं करूंगी। पर मां ने मुझसे कहा, ‘अगर तुम चीजों से भागती रहोगी, तो कभी आगे नहीं बढ़ पाओगी। अपने डर का सामना करो और इस बार मैं तुम्हारे साथ खड़ी रहूंगी’ इसके बाद ही तान्या ने रियलिटी शो ‘मां है ना’ के लिए हां बोला। तान्या ने कहा कि ‘मां है ना’ की शूटिंग के दौरान एक समय ऐसा आया जब वह शो छोड़ना चाहती थीं, क्योंकि उन्होंने देखा कि उनकी मां को भी उसी तरह की नफरत का सामना करना पड़ रहा था, जिससे वह खुद गुज़र चुकी थीं।
