फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जून 2026 उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत कायमगंज तहसील में जल्द ही एक स्थायी हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए तहसील प्रशासन ने मऊरशीदाबाद गांव में लगभग 2500 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव जिलाधिकारी को स्वीकृति हेतु भेज दिया है।
उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि चिन्हित भूमि की नापजोख की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रस्तावित हेलीपैड स्थल तहसील मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रशासनिक मंजूरी प्राप्त होते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नवाबगंज और शमशाबाद में भी चल रही प्रक्रिया
अधिकारियों के अनुसार, यह योजना केवल कायमगंज तक सीमित नहीं है। तहसील क्षेत्र के नवाबगंज में भी स्थायी हेलीपैड निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं शमशाबाद क्षेत्र में भूमि चयन और अन्य औपचारिक कार्य तेजी से जारी हैं।
आपदा और चिकित्सा सेवाओं में मिलेगी मदद
सरकार का उद्देश्य तहसील स्तर पर स्थायी हेलीपैड विकसित कर आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत बनाना है। बाढ़, प्राकृतिक आपदा या अन्य आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टरों का संचालन अधिक सुगम हो सकेगा।
इसके अलावा गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से शीघ्र उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने में भी यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रशासनिक खर्च में होगी बचत
वर्तमान में वीवीआईपी नेताओं और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के दौरे के दौरान अस्थायी हेलीपैड तैयार करने पर अतिरिक्त खर्च और समय लगता है। स्थायी हेलीपैड बनने से इस खर्च में कमी आएगी तथा प्रशासनिक व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित हो सकेंगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।
