बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब नीतीश कुमार से भी लंबी लकीर खींचने की तैयारी में हैं। राज्य में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। राजगीर के बाद अब बिहार को दूसरा वर्ल्ड क्लास अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम मिलने जा रहा है। सोमवार को गयाजी के खिजरसराय में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस भव्य परियोजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि अतरी और खिजरसराय क्षेत्र को खेल के नक्शे पर चमकाने के लिए राज्य सरकार 40 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी, जहां राजगीर से भी बड़ा और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि गयाजी जिले के खिजरसराय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी के साथ संयुक्त रूप से खिजरसराय में 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रौद्योगिकी केंद्र के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भूमि उपलब्ध कराई थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपने मंत्रालय के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, बिहार में वर्ष 2022 में एमएसएमई इकाइयों की संख्या लगभग छह लाख थी, जो बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गई है। इन इकाइयों के माध्यम से 1.87 करोड़ लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है।
