फर्रुखाबाद:प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जून 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक से पूर्व विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, सहायता सामग्री और अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को रोटावेटर, किसान ड्रोन और स्ट्रॉ रीपर उपलब्ध कराए गए, जबकि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को 13.15 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड वितरित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना, युवा उद्यमी विकास अभियान, मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड, श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन करने वाली योजनाओं पर नाराजगी जताई। जननी सुरक्षा योजना की खराब रैंकिंग पर उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले विभागों की जवाबदेही तय की जाए।

जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने संकिसा सीएचसी में बाउंड्रीवाल निर्माण और चिकित्सक नियुक्ति की मांग रखी, जबकि कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने जल जीवन मिशन के तहत सड़कों के रेस्टोरेशन कार्य में देरी का मामला उठाया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने, निर्माणाधीन सड़कों एवं अन्य आधारभूत परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी की कमियों को निर्धारित समय सीमा में दूर कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में बैंकों के निष्क्रिय खातों की केवाईसी, नई कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन, पांचाल घाट द्वितीय चरण परियोजना, लोहिया चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर के संचालन तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद के विधायकगण, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment