फर्रुखाबाद:42.525 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जून 2026 एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं कोतवाली कायमगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को 42 किलो 525 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली कायमगंज पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिहार के सिवान जनपद निवासी सतेन्द्र चौधरी उर्फ मुन्ना तथा ओडिशा के कोरापुट जनपद निवासी मीना पुत्र लोकमन सीसा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ कोतवाली कायमगंज में मु0अ0सं0 160/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में सतेन्द्र चौधरी ने बताया कि वह उड़ीसा के जंगलों से गांजा लाकर रेल और बस के माध्यम से बैग एवं सूटकेस में भरकर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था। उसने बताया कि बरामद गांजा एटा निवासी एक व्यक्ति के लिए लाया गया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 किलो 525 ग्राम अवैध गांजा, 1130 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड तथा दो बैंक कार्ड बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में एएनटीएफ के उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल जावेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रोहित, कांस्टेबल प्रवीन यादव तथा कांस्टेबल कपिल रावत शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment