सीकर : खाटूश्यामजी में हुए जानलेवा हमले के पीड़ित करण कुमावत को न्याय दिलाने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीकर में आयोजित विशाल मशाल जुलूस ने न्याय की लड़ाई को नई ताकत दी। मशालों की रोशनी और गूंजते नारों के बीच सर्व समाज के लोगों ने एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की। जिला कलेक्ट परिसर से तापड़िया बगीची तक निकले इस विशाल जुलूस में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पूरे मार्ग में “न्याय दो, दोषियों को गिरफ्तार करो” और “अन्याय नहीं सहेंगे” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। इस अवसर पर समाजसेवी राजेश जोया ने कहा कि यह संघर्ष केवल करण कुमावत के लिए नहीं, बल्कि समाज में न्याय और कानून के सम्मान के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। मशाल जुलूस ने यह संदेश दिया कि समाज अन्याय के खिलाफ एकजुट है और न्याय की मांग को दबाया नहीं जा सकता। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि न्याय में देरी हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। इस मौके पर शिव भगवान सारडीवाल राजेश जोया, अजय मारवाल सोनिया जोया, किशोर दुलहेपुरा, मनीष पार्षद, ताराचंद घायल ,धर्मपाल बाबर, विजय व दर्जनों महिलाओं सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।
सीकर में न्याय की हुंकार, हजारों आवाज़ें एक मंच पर हुईं एकजुट
