‘द बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर पर लगी रोक, तो भड़क गए विवेक अग्निहोत्री ?

विवेक अग्निहोत्री की अपकमिंग फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर काफी चर्चा हो रही है. ये फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, लेकिन उससे पहले 16 अगस्त को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च होने वाला था. ‘द बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर लॉन्च इवेंट कोलकाता में होना था, लेकिन इवेंट से एक दिन पहले ही वेन्यू ने इसे कैंसिल कर दिया. इस मामले के बाद से फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का गुस्सा फुटा है और उन्होंने एक वीडियो शेयर की है.

‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के कैंसिल होने पर विवेक अग्निहोत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में उन्होंने ट्रेलर के लॉन्च इवेंट के कैंसिल होने की बात बताई. उन्होंने कहा, मैं अभी-अभी कोलकाता पहुंचा हूं, आप सभी जानते हैं कि हमने तय किया था कि ”द बंगाल फाइल्स” का ट्रेलर कोलकाता में लॉन्च करेंगे. क्योंकि ये फिल्म डायरेक्ट एक्शन डे पर बेस्ड है और कल 16 अगस्त है और इसे लॉन्च करने के लिए इससे बेहतर दिन और जगह कोई और हो नहीं सकता.

पॉलिटिकल प्रेशर की वजह से कैंसिल

लेकिन, मैं जैसे ही यहां पहुंचा मुझे एक बुरी खबर मिली. हमारा ट्रेलर लॉन्च भारत की बहुत बड़ी सिनेमा चेन के सिनेमा हॉल में होने वाला था, जिसके लिए हमारे पास सारी परमिशन थीं, इसलिए हमारी पूरी टीम यहां आई. लेकिन मुझे अभी-अभी पता चला है कि उस इवेंट को कैंसिल कर दिया गया है और इसे इसलिए कैंसिल किया गया है, क्योंकि उनके ऊपर बहुत सारा पॉलिटिकल प्रेशर है. मैं उनकी मजबूरी समझता हूं, कोई भी बिजनेस हाउस क्यों ऐसा काम करेगा जिससे उसे आगे चलकर कोई बड़ी मुसीबत उनके लिए खड़ी हो.”

विवेक अग्निहोत्री ने उठाया सवाल
डायरेक्टर ने सवाल उठाते हुए कहा कि लेकिन, सवाल ये है कि कौन हैं वो लोग, कौन सा है ये पॉलिटिकल प्रेशर, और कौन सी है ये पार्टी जो हमारी आवाज को दबाना चाहती है. जो फिल्म किसी ने देखी नहीं है, जिस फिल्म को सेंसर बोर्ड पास कर चुका है, उसके ट्रेलर को रिलीज नहीं होने दिया जा रहा है. पहले हमारे ऊपर इतनी सारी एफआईआर लॉन्च की गईं. जब हम सारी प्लानिंग कर के यहां पहुंचे तो हमें बताया जा रहा है कि हम इवेंट नहीं कर सकते.

‘ट्रेलर तो कोलकाता में लॉन्च होगा’

हालांकि, विवेक ने आगे ये भी कहा कि मैं भी हारने वाला नहीं हूं दोस्तों, हमने ठान ली है और अब जो भी करना पड़े, जैसे भी करना पड़े, हम इसे कोलकाता में ही लॉन्च करेंगे. मैं आपको जगह बता दूंगा, आप हमें सपोर्ट करें ताकि भारत के इतिहास का कड़वा सच सबके सामने आए. उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए उसके साथ कैप्शन लिखा कि कौन हमारी आवाज़ दबाना चाहता है और क्यों? लेकिन मुझे चुप नहीं कराया जा सकता, क्योंकि सच को चुप नहीं कराया जा सकता. ट्रेलर तो कोलकाता में ही लॉन्च होगा.

2 दिन में 200 करोड़! हर तरफ छाया ‘कुली ?

रजनीकांत की फिल्म कुली का इंतजार फैंस कबसे कर रहे थे. अब जो ये फिल्म रिलीज हो गई है तो ऐसे में फिल्म को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और भर-भर के ऑडियंस इस फिल्म को देखने के लिए आ रही है. भारत में तो फिल्म ने अच्छी कमाई की ही है लेकिन रजनीकांत की कुली ने विदेशों में जो भौकाल काटा है वो इस फिल्म को अलग ही लेवल पर लेकर जा रहा है. इसी के साथ फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की 7वीं सबसे बड़ी ओपनिंग डे कलेक्शन वाली मूवी बन गई है. कुली की कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं. आइये जानते हैं कि इस फिल्म ने दो दिन में क्या गुल खिलाया है.

भारत में कुली ने दो दिन में कितने कमाए?

सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो भारत में कुली ने कहर ढा दिया है. फिल्म ने ओपनिंग डे पर 65 करोड़ रुपए की धमाकेदार ओपनिंग की. इसके बाद फिल्म ने दूसरे दिन ग्रिप पकड़े रखी मगर इसकी कमाई में गिरावट भी दर्ज की गई. दूसरे दिन रजनीकांत की फिल्म ने भारत में 53.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया और अपना आंकड़ा दो दिनों में 118.50 करोड़ रुपए तक पहुंचा दिया. रिपोर्ट्स की मानें तो कुली का बजट 400 करोड़ रुपए का है. ऐसे में फिल्म जिस तरह का कलेक्शन कर रही है ये अनुमान लगाया जा सकता है कि वीकेंड खत्म होते-होते ये फिल्म अपना बजट भी निकाल सकती है.

कितना रहा कुली का वर्ल्डवाइड कलेक्शन?

कुली के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की ओर रुख करें तो फिल्म ने सभी को चौंका दिया है. विदेश में रजनीकांत की फिल्म को बहुत तगड़ा रिस्पॉन्स मिल रहा है. जितना फिल्म ने भारत में सभी भाषाओं में कमाया है उतना ही इस फिल्म ने विदेश में भी पहले दिन कमा लिया है. ये कुली के लिए एक बड़ी कामियाबी है. फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 76.50 करोड़ रुपए का रहा है. इस लिहाज से सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का ओपनिंग डे का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 153.50 करोड़ रुपए का पहुंच गया है. 50 साल के इतिहास में रजनीकांत का ये हाइएस्ट ओपनिंग डे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन है.

ऋतिक की वॉर 2 और रजनीकांत की कुली में कौन आगे?

अगर बॉक्स ऑफिस पर 2025 के इस महाक्लैश की बात करें तो इसमें ऋतिक रोशन की वॉर 2 के मुकाबले रजनीकांत की कुली बहुत आगे चल रही है. जहां एक तरफ वॉर 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 140 करोड़ रुपए हो चुका है वहीं कुली की बात करें तो इस फिल्म ने 194.50 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. तो फिलहाल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस की रेस में रजनीकांत की कुली काफी आगे चल रही है. देखने वाली बात होगी कि आने वाले वक्त में इन दोनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस क्लैश क्या रंग लाता है.