भारत के एक खिलाड़ी ने एक ऐसा कारनामा कर दिया है, जिसे आज तक कभी कोई प्लेयर नहीं कर पाया है. अरुणाचल प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी खेल रहे आकाश चौधरी ने मेघालय के खिलाफ मैच में तूफानी अर्धशतक ठोका. इस बल्लेबाज ने आखिरी में बल्लेबाजी के लिए आकर 11 गेंदों में हाफ-सेंचुरी पूरी की, जिसमें इस बल्लेबाज ने 8 छक्के लगाए. इसी के साथ आकाश चौधरी का नाम भारतीय डॉमेस्टिक क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक में शामिल हो गया है.
11 गेंदों में तूफानी हाफ-सेंचुरी
अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ी आकाश चौधरी छठवां विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए. आकाश ने 14 गेंद में 50 रन नाबाद पारी खेली, लेकिन इस बल्लेबाज ने अपना अर्धशतक 11 गेंदों में ही पूरा कर लिया था. आकाश से पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड वेन व्हाइट के नाम था. आयरलैंड के इस खिलाड़ी ने साल 2012 में 12 गेंदों में हाफ-सेंचुरी लगाई थी.
इंटरनेशनल क्रिकेट में भी नहीं हुआ ये कारनामा
इंटरनेशनल क्रिकेट में भी आज तक ऐसा कारनामा नहीं हुआ है कि किसी खिलाड़ी ने 11 गेंदों में अर्धशतक लगाया हो. पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था. वहीं वनडे में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी एबी डिविलियर्स और कैरेबियाई खिलाड़ी मैथ्यु फोर्ड के नाम है. ये प्लेयर वनडे इंटरनेशनल में 16 गेंदों में हाफ-सेंचुरी लगा चुके हैं. लेकिन आकाश चौधरी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
