फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जून 2026 उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा सोमवार से जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तीन स्तरीय जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
जनपद में आयोजित तीन दिवसीय भर्ती परीक्षा में आठ जिलों के 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। प्रत्येक पाली में 6,720 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 560 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं, जबकि 74 निरीक्षकों को रिजर्व रखा गया है।
सुबह से केंद्रों पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़
सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित पहली पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें अभ्यर्थियों को सघन सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत सबसे पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया। सुरक्षा मानकों के अनुसार जूतों की जांच के लिए उन्हें उतरवाया गया, जबकि महिला अभ्यर्थियों को कानों की बालियां और अन्य धातु की वस्तुएं हटाने के निर्देश दिए गए।
मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक जांच के बाद मिला प्रवेश
शहर के बद्री विशाल डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। नारायण आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में परीक्षा शुरू होने से पहले लंबी कतारें देखने को मिलीं। यहां पुलिसकर्मी सड़क पर ही आधार कार्ड और प्रवेश पत्र की जांच कर रहे थे, जिसके बाद मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया।
कक्ष निरीक्षकों पर भी लागू रहे सख्त नियम
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कक्ष निरीक्षकों के लिए भी कड़े नियम लागू किए गए। सभी निरीक्षक सुबह 6:30 बजे तक केंद्रों पर पहुंच गए थे। उन्हें आधार कार्ड एवं अधिकृत पहचान पत्र दिखाने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कराना पड़ा, जिसके बाद ही केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई।
दूर-दराज से पहुंचे अभ्यर्थी
परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारियों और यात्रा अनुभव साझा किए।
हरदोई से आए जयसिंह ने बताया कि सुबह बस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण वह निजी वाहन से परीक्षा केंद्र पहुंचे। मैनपुरी के नितेश यादव रात एक बजे ही फर्रुखाबाद पहुंच गए थे और उन्होंने रात रोडवेज बस स्टेशन पर बिताई। वहीं दिल्ली में निजी नौकरी करने वाले विकास पाल विशेष रूप से परीक्षा देने के लिए ट्रेन से फर्रुखाबाद पहुंचे।
दूसरी पाली के लिए भी प्रशासन अलर्ट
पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने दूसरी पाली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शाम 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए भी सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
