अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा शुक्रवार को रामलीला मैदान स्थित महाकाली मंदिर में नवदुर्गा पूजा के पावन अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने मां महाकाली के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से महाआरती की गई। साथ ही, भक्तों ने मां दुर्गा की भक्ति में धुनें गाकर वातावरण को आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया। अखिल भारत हिन्दू महासभा के जिला अध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि नवदुर्गा पूजा हमारी संस्कृति और धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है। इस पावन अवसर पर महाआरती का आयोजन कर हमने भक्तों को मां के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर दिया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस आयोजन से शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा और लोगों ने इसे सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, प्रकाश अग्निहोत्री, सर्वेश कश्यप, सुनील कश्यप, प्रेम सागर शर्मा, हरिओम मिश्रा, अर्जुन सिंह, भगवानदास वर्मा, सनी कश्यप, अक्षत गुप्ता, अमित, अनिल कुमार, लखन प्रताप सिंह, शलभ गंगवार, स्वाति मिश्रा, कविता वंशवाल, आरती, सुमन कश्यप, पूजा गुप्ता आदि सहित बड़ी संख्या में भक्तजन सम्मिलित हुए।