छत्तीसगढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2026 प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन (पेजा) छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा आयोजित सम्मान समारोह बासु रिसॉर्ट, शक्ति में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़-ओडिशा प्रभारी अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक गिरीश चंद्र कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में गिरीश कुशवाहा ने छत्तीसगढ़ के पत्रकारों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से पत्रकार हितों से जुड़ी 12 सूत्रीय मांगों को तत्काल लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और सरकार को उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। यदि पत्रकारों की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में पत्रकार कल्याण से संबंधित कई योजनाओं की घोषणाएं की गई थीं, लेकिन वर्तमान में अनेक लाभकारी योजनाएं लागू नहीं हो सकी हैं, जिससे पत्रकारों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के दौरान शहीद हुए पत्रकारों का उल्लेख करते हुए पत्रकार सुरक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई।
कुशवाहा ने मांग की कि 60 वर्ष से अधिक आयु के मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मासिक पेंशन प्रदान की जाए। इसके अलावा पत्रकारों के लिए 25 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, परिवार के सदस्यों के लिए आयुष्मान स्वास्थ्य सुविधा, प्रत्येक जिले में पत्रकार सुरक्षा समिति का गठन, प्रेस क्लबों की स्थापना तथा पत्रकार उत्पीड़न के मामलों में निष्पक्ष जांच की व्यवस्था लागू की जाए।
उन्होंने पत्रकारों को रियायती आवास उपलब्ध कराने, समाचार पत्रों को नियमित विज्ञापन जारी करने, मान्यता समिति की बैठकों का नियमित आयोजन करने तथा सूचना विभाग में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की भी मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अनेक पत्रकारों ने भाग लिया।
इससे पूर्व बिलासपुर से शक्ति पहुंचने पर गिरीश कुशवाहा का चांपा प्रेस क्लब में अध्यक्ष कुलवंत सिंह एवं पत्रकारों की टीम द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष राजेश मखीजा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
