फर्रुखाबाद में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2025 जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम याकूतगंज निवासी संदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की मां गामा देवी द्वारा थानाध्यक्ष कमालगंज को दी गई तहरीर में कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है।

तहरीर के अनुसार, दिनांक 19 जुलाई 2025 को सुबह 7 बजे गांव के ही कुछ युवकों -पप्पू पुत्र शमशुद्दीन, अंकित पुत्र गुड्डू शाक्य, मुन्ना पुत्र रियाजुद्दीन और फैसल पुत्र गयासुद्दीन — ने संदीप को कार बदलने के बहाने बुलाया था। संदीप के साथ दो अन्य अज्ञात व्यक्ति भी थे। बताया गया कि संदीप के मोबाइल पर कॉल आने के बाद वह घर से निकला था और तभी से लापता था।

परिजनों को अगले दिन फोन द्वारा जानकारी मिली कि संदीप का एक्सीडेंट हो गया है और उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि संदीप की मौत हो चुकी है। संदीप के शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान पाए गए, जिससे परिजनों ने एक्सीडेंट के बजाय साजिशन हत्या की आशंका जताई है।

मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि संदीप को बुलाकर पहले घायल किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपित घटना के बाद से फरार हैं। परिजनों का कहना है कि संदीप के साथ मौजूद सभी व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध है और पुलिस को मामले की गहन जांच करनी चाहिए। पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने व कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।