(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जून 2025 दिन रविवार को 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2025) के अवसर पर सम्पूर्ण जनपद में भव्य आयोजन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 15 जून 2025 को योग सप्ताह का उद्घाटन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग अभ्यास से हुई, जिसका संचालन मास्टर ट्रेनर श्री अंकुर द्विवेदी द्वारा किया गया। इस योग अभ्यास में लगभग 100 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। प्रमुख रूप से मा. डी.एस. राठौर (जिला महामंत्री, भाजपा फर्रुखाबाद), मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिला अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला परियोजना निदेशक, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
योग सप्ताह के अन्तर्गत जनपद के समस्त तहसीलों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं, स्वास्थ्य केंद्रों (CHC/PHC/AYUSH हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर), पुलिस थानों, पीएसी बटालियन, एनसीसी/एनएसएस इकाइयों एवं सभी शैक्षिक संस्थानों (प्राथमिक से लेकर उच्चतर विद्यालयों) में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक योग अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए अधिकाधिक नागरिकों से योग सप्ताह में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक सशक्तिकरण का भी माध्यम है।
योग सप्ताह का यह आयोजन आगामी 21 जून 2025 को आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस तक प्रतिदिन जारी रहेगा। जनपद प्रशासन का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिक योग से जुड़ें और एक स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हों।
