फर्रुखाबाद में मिशन शक्ति 5.0 के तहत कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम पर कार्यशाला आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अक्टूबर 2025 महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में “कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम 2013” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में एवं उनकी अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, एडिशनल एसपी डॉ संजय सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र, अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार, तथा वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं महिला कर्मी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि —“सभी माताओं एवं बहनों का यह दायित्व है कि वे अपने बच्चों को ऐसी शिक्षा दें जिससे वे समाज में हर महिला का सम्मान करना सीखें। हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर और पारंपरिक मूल्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए।”

एडिशनल एसपी ने साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में महिलाओं एवं बच्चियों को सोशल मीडिया पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि महिलाएं फेसबुक या अन्य सोशल प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत तस्वीरें साझा न करें, जिससे किसी प्रकार के दुरुपयोग की संभावना न रहे।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार ने बताया कि यह अधिनियम कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने भैरवी देवी केस का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे इस मुकदमे के बाद विशाखा समिति का गठन किया गया और इस अधिनियम की नींव रखी गई।

जिला अभियोजन अधिकारी ने कहा कि विशाखा समिति एवं कार्यस्थल पर लैंगिक अपराध रोकथाम अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।

कार्यशाला में HEW टीम, कुमुदिनी रमन (जेंडर स्पेशलिस्ट), निर्मला राजपूत (जेंडर स्पेशलिस्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन), OSC टीम, दत्तक ग्रहण इकाई तथा विभिन्न विभागों की महिला कर्मी भी उपस्थित रहीं।

यह कार्यशाला महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और कार्यस्थलों पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुई।