फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी क्यों हुए नाराज ,खबर से समझें

नवाबगंज , फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बीते शुक्रवार दोपहर गांव बबना स्थित झील व गांव कडिउली में गोशाला का निरीक्षण किया। इस अचानक हुए निरिक्षण से गोशाला में अव्यवस्था मिलने पर नाराजगी जताई और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

गांव बबना में स्थित झील की खोदाई कार्य का शुक्रवार दोपहर बाद जिलाधिकारी संजय सिंह व मुख्य विकास अधिकारी एम अरून्मोली ने निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मार्ग से झील तक जाने का रास्ता न होने पर जानकारी ली। साथ ही राजस्व कर्मियों ने रास्ता की नापजोख कर चिह्नांकन किए जाने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने झील तक जाने वाले चकरोड का शीघ्र निर्माण कराने व झील के आसपास वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक राजमणि वर्मा ने झील में मत्स्य पालन कराए जाने से ग्राम पंचायत का राजस्व बढ़ने की जानकारी दी।

इसके बाद उन्होंने गांव कडिउली में 1.20 करोड़ की लागत से बनी गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाला में गेट नहीं लगा था और बिजली का कनेक्शन नहीं पाया गया। पानी की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी। उन्होंने प्रधान शैलेंद्र सिंह से गोशाला चालू न होने के बारे में जानकारी ली। प्रधान ने भूसा आदि न होने की बात कही। प्रधान द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी कौशल कुमार गुप्ता से गोशाला ग्राम पंचायत के सुपुर्द न होने व कार्य की देखरेख न करने पर नाराजगी जताकर ग्राम पंचायत में प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों के आय व्यय का ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ब्लाक कार्यालय पहुंचकर बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Report : Dharmveer Shakya