फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 25 जनपद के थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम पंजूखिरिया गांव में मंगलवार रात 12:30 एक टैम्पो चालक को ग्रामीणों ने चोर समझकर जमकर पीट दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कई लोगों पर मारपीट, लूटपाट और पहचान पत्र छीनने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौशाम्बी जनपद के थाना सैनी क्षेत्र के ग्राम मधवामई निवासी आनंद पांडेय अपने साथी कल्लू यादव के साथ टैम्पो (UP73 PT 6711) से फर्रुखाबाद के ग्राम करमचन्दपुर निवासी रामजीत के घर शादी की वरइच्छा करने आए थे। वापस घर लौटते समय रास्ता भटकने के कारण वे पंजूखिरिया गांव पहुंच गए।
आनंद पांडेय के मुताबिक, उन्होंने रास्ता पूछने के लिए एक बुजुर्ग महिला से जानकारी मांगी। इसी दौरान महिला ने शोर मचा दिया और चोर-चोर कहकर गांववालों को इकट्ठा कर लिया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और प्रधान समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके और साथी के मोबाइल, करीब 8500 रुपये नकद, वाहन के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड भी छीन लिए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनका मोबाइल फोन तो बरामद करवा दिया लेकिन नगदी अब तक नहीं मिली। पीड़ित ने थाना जहानगंज में तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
