फर्रुखाबाद-एटा रोड पर दो रोडवेज बसों की आमने-सामने भिड़ंत, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 25 जनपद में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया, जब फर्रुखाबाद डिपो व एटा डिपो की रोडवेज बसें आमने-सामने टकरा गईं। इस भीषण भिड़ंत में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। फर्रुखाबाद डिपो की बस में लगभग 20 सवारियां सवार थीं, जबकि एटा डिपो की बस में करीब 15 यात्री बैठे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एटा डिपो की बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, फर्रुखाबाद डिपो के चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम उखरा निवासी अंजलि, जो फर्रुखाबाद डिपो की बस में यात्रा कर रही थीं, ने बताया कि दोनों बसें तेज गति से आ रही थीं और इसी कारण यह हादसा हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में कई को गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक-परिचालक की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रोडवेज बसों की लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़ा करता है।