कन्नौज में यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

कन्नौज: (दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2025 जनपद की यातायात पुलिस ने सोमवार को जागरण पब्लिक स्कूल कन्नौज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. प्रियंका वाजपेई के पर्यवेक्षण तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल की पहचान, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज रफ्तार के दुष्परिणाम तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में विस्तार से बताया गया।

यातायात प्रभारी ने छात्रों से अपील की कि वे न केवल खुद नियमों का पालन करें बल्कि अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और यातायात पुलिस से मार्गदर्शन प्राप्त किया।