फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 नवम्बर 2025 शहर के टाउन हॉल तिहारे क्षेत्र में आज फूड विभाग के अधिकारियों की कथित भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यशैली के विरोध में व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। व्यापारियों का आरोप है कि खाद्य विभाग के चीफ अधिकारी के नेतृत्व में काम कर रही टीम द्वारा लगातार व्यापारियों की दुकानों से खाद्य सैंपल लेकर अवैध वसूली की जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि विभागीय अधिकारी और टीम जांच के नाम पर सैंपल तो लेती है, लेकिन अधिकांश मामलों में जांच रिपोर्ट भेजी ही नहीं जाती। हर सैंपल पर भारी रकम वसूली जाती है, जिसका अधिकांश हिस्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की जेब में चला जाता है, जबकि सरकार के खाते में बहुत कम राशि जमा की जाती है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस मिलीभगत से विभाग के अधिकारी न केवल व्यापारियों को लूट रहे हैं, बल्कि सरकार को भी राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे हैं।
व्यापारियों ने बताया कि विभाग की टीम में शामिल सूरज बाथम, जो कि एक प्राइवेट कार्यकर्ता हैं, उन्हें अधिकारियों ने व्यापारियों से पैसों के लेनदेन का जिम्मा दे रखा है। इस कारण सूरज बाथम के प्रति व्यापारियों में भारी नाराज़गी है।
युवा व्यापार मंडल ने जिला अधिकारी से मांग की है कि भ्रष्टाचार में लिप्त टीम को तत्काल जिले से हटाया जाए और सूरज बाथम को भी फर्रुखाबाद से बाहर किया जाए। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी वर्ग आंदोलन, धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान नगर महामंत्री रोहन कश्यप, गोपाल सिंह कश्यप, माजिद अली, सोहन शुक्ला, शान मोहम्मद, अजीम खान, करीम खान, मोनू मिश्रा, राजेंद्र सिंह चौहान, अशोक यादव, गोविंद बाथम, गोविंद दीक्षित, अनुज बाथम, विशाल दीक्षित, तारीख अली, हिमांशु साहब, एहसान अली, मुनव्वर अली, सोनू गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, आर्यन गोस्वामी, अंजू सुल्तानी, करण बाथम, शेरू भाई सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
