पीलीभीत में आज रोपे जाएंगे 25 लाख पौधे, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

पीलीभीत में शासन की ओर से जिले को मिले लक्ष्य के अनुसार शनिवार को 27 विभागों की ओर से 22 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। ड्रमंड इंटर कॉलेज में आयुष वन स्थापित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी औषधीय पौधे रोपेंगे ।

वन महोत्सव के तहत इस बार एक से सात जुलाई तक जागरूकता अभियान चलाया गया था, लेकिन शासन की ओर से पौधरोपण को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले थे। इसके बाद शासन ने 22 जुलाई और 15 अगस्त को वृहद पौधरोपण करने का आदेश जारी किया। इसके तहत शनिवार को जिले में 27 विभागों की ओर से 25 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए सामाजिक वानिकी की ओर से विभागों को पौध उपलब्ध करा दी गई है।

वन विभाग ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। शहर के ड्रमंड इंटर काॅलेज में जन प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी औषधीय पौधे लगाएंगे। राजस्व मंत्री अनूप प्रधान भी पौधरोपण करेंगे। डीएफओ संजीव कुमार ने बताया जिले को इस बार 37.11 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है। शनिवार को 25 लाख पौधे रोपे जाएंगे। बाकी 12.11 लाख पौधे स्वतंत्रता दिवस पर रोपे जाएंगे।