पीलीभीत में मंदिर की चारदीवारी बनाने का शुरू हुआ काम

पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर दो दिन से मंदिर निर्माण को लेकर चल रहा विवाद शनिवार की शाम थम गया। पालिकाध्यक्ष के यह कहने कि जमीन नगर पालिका की है और यहां पर निर्माण कार्य होगा तो प्रशासन पीछे हट गया। रविवार को यहां निर्माण कार्य आरंभ करा दिया गया।

टनकपुर हाईवे पर नेहरु ऊर्जा उद्यान के सामने प्राचीन धर्मस्थल पर बाउंड्री बनाने का काम चल रहा था। इसे शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट व एसडीएम ने मौके पर जाकर तुड़वा दिया था। प्रशासन की इस कार्रवाई से हिंदू संगठन के लोगोंं में भारी आक्रोश पनप गया। पहले तो मामला सुलझाने को लेकर अधिकारियों से वार्ता होती रही। मामला तब तूल पकड़ गया जब शाम को अधिकारियाें ने दीवार को गिरा दिया। इसके बाद संगठन से जुड़े लोगों ने टनकपुर हाईवे पर जाम लगा दिया था।

शाम को पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल कराई तो जमीन नगर पालिका की होना पाई गई। इस पर उन्होंने नियमानुसार काम कराने की बात कही थी। एडीएम राम सिंह गौतम ने भी जमीन पालिका की होना मानकर पालिका के स्तर से ही कोई फैसला होने की बात कही। इसके बाद विवाद शांत हो गया। रविवार को कोई भी विवाद नहीं रहा। सुबह से ही मंदिर के चारों ओर दीवार बनाने का काम शुरु कर दिया गया है। इस दौरान मोहल्ले के काफी लोग वहां मौजूद रहे।