फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2025 जिले में बाढ़ नियंत्रण को लेकर सिंचाई विभाग द्वारा 3 जुलाई 2025 की सुबह और शाम की स्थिति पर आधारित रिपोर्ट जारी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।

सिंचाई खंड फर्रुखाबाद द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट के मुताबिक:

गंगा नदी का खतरे का निशान 137.10 मीटर निर्धारित है, जबकि लोहिया सेतु (पांचालघाट) पर सुबह 8 बजे इसका जलस्तर 136.60 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 0.50 मीटर नीचे है।

रामगंगा नदी पर बह्मदत्त द्विवेदी सेतु (रामगंगा) पर जलस्तर Below gauge यानी अभी गेज के मापदंड से भी नीचे है, जिससे फिलहाल किसी भी तरह के खतरे की संभावना नहीं है।

रिपोर्ट में जलनिकासी बैराजों के आंकड़े भी दिए गए हैं:

नरोरा स्केपिंग (गंगा नदी) से 42160 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

खो बैराज से 1040 क्यूसेक, हरी बैराज से 1600 क्यूसेक, और रामगंगा बैराज से 1800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसका कुल योग 3440 क्यूसेक रहा।

यह रिपोर्ट बाढ़ नियंत्रण कक्ष प्रभारी द्वारा प्रमाणित की गई है, जो जिले के लिए राहत की बात है।

स्थिति नियंत्रण में, फिर भी सतर्कता जरूरी

हालांकि गंगा और रामगंगा दोनों नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन मानसून सीजन के चलते प्रशासन और सिंचाई विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

जागरूकता की अपील

जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।