फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2025 आज “स्कूल चलो अभियान” के द्वितीय चरण के शुभारंभ के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद के सभी विद्यालयों में स्वागत उत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्वक एवं भव्य ढंग से किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने विद्यालयों में उपस्थित होकर नवीन नामांकित बच्चों का पारंपरिक तरीके से रोली-टीका कर, मिष्ठान, हलवा और खीर खिलाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विकास खण्ड बढ़पुर के प्राथमिक विद्यालय निनौआ तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार मिश्र ने प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर खुर्द में पहुंचकर स्वयं बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट, कॉपी-किताब और मिठाई भेंट की और अभिभावकों से संवाद कर बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी महोदय ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं बल्कि नैतिक संस्कार भी दें। प्रतिदिन एक नवीन प्रार्थना सिखाकर उनमें आत्मबल व नैतिक चेतना का विकास करें, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।” उन्होंने उपस्थित अभिभावकों, ग्राम प्रधानों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “यदि हम देश के भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहते हैं तो हमें अपने बच्चों को शिक्षित करना ही होगा।”
जिलाधिकारी महोदय ने विद्यालय की शिक्षण गुणवत्ता की सराहना करते हुए शिक्षिकाओं को अधिक से अधिक नामांकन व छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने भी विद्यालय में उपस्थित जनों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री गौतम प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी बढ़पुर, जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता), एसएसए फर्रुखाबाद, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट–धर्मवीर सिंह द दस्तक 24 न्यूज़, फर्रुखाबाद
