फर्रूखाबाद के राजीव गांधी नगर में सफाई व्यवस्था बदहाल — नालियाँ बंद, मच्छरों का आतंक, प्रशासन मौन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 नवम्बर 2025 शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए राजीव गांधी नगर, फर्रूखाबाद के निवासी नाराज हैं। मोहल्ले में नालियाँ महीनों से बंद पड़ी हैं, जिनमें गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोगों को अपने घरों में रहना मुश्किल हो रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने सभासद एवं नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। नालियाँ टूटी हुई हैं और गंदगी सड़कों पर फैल रही है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

निवासियों का यह भी कहना है कि जब वे सरकारी जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की कोशिश करते हैं, तो पोर्टल खुलता ही नहीं। इससे नागरिकों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है, “सरकार स्वच्छ भारत की बात करती है, लेकिन यहां तो हालात बद से बदतर हैं। नालियाँ महीनों से बंद हैं और कोई देखने वाला नहीं।” निवासियों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है ताकि राजीव गांधी नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा सके और नागरिकों को राहत मिले।