फर्रुखाबाद में किसान सम्मान दिवस का आयोजन आज, जे.जे.आर. पैलेस फतेहगढ़ में होगा कार्यक्रम

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 दिसंबर 2025 मा0 पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी की जयंती के अवसर पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन दिनांक 23 दिसंबर 2025 को जे.जे.आर. पैलेस, फतेहगढ़ में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम किसानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके योगदान को समर्पित होगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद के विभिन्न विकासखंडों से आए उन प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने गेहूं, धान, आलू, तिलहन, दलहन एवं अन्य प्रमुख फसलों में सर्वाधिक उत्पादन कर जिले का नाम रोशन किया है। सम्मान समारोह के माध्यम से किसानों के परिश्रम, नवाचार और आधुनिक कृषि तकनीकों के सफल प्रयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

किसान सम्मान दिवस के अवसर पर कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक खेती पद्धतियाँ, मृदा परीक्षण, सिंचाई व्यवस्था, फसल विविधीकरण एवं सरकारी कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे किसान अधिक उत्पादन के साथ आय में वृद्धि कर सकें।

कार्यक्रम में जनपद के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी, किसान संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे। वक्ताओं द्वारा स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के किसान हितैषी विचारों, कृषि सुधारों और ग्रामीण भारत के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि किसान सम्मान दिवस का उद्देश्य किसानों का मनोबल बढ़ाना, उन्हें सम्मान देना तथा आने वाली पीढ़ी को खेती के प्रति प्रेरित करना है। यह आयोजन जिले के किसानों के लिए एक प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।