फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2025 जनपद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित ग्राम पट्टी प्रद्युमन में एक दलित शाक्य परिवार पर दबंग यादव युवकों द्वारा किए गए बर्बर हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस हमले में रामसिंह शाक्य की दो बेटियों सहित स्वयं रामसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। छोटी बेटी के सिर में गहरी चोट के चलते कई टांके आए हैं जबकि बड़ी बेटी और पिता के हाथों में भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है और वह जीवन-मृत्यु के बीच जूझ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखाबाद के लोकप्रिय सांसद मा. मुकेश राजपूत जी लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भाजपा के अन्य पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सांसद ने चिकित्सकों, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) और CMS को पीड़ितों को हर हाल में बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए।
सांसद ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कठोरतम कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई इस प्रकार की घटना करने का साहस न करे।घटना के मुख्य आरोपी के रूप में मानवेंद्र सिंह यादव पुत्र टार्जन यादव का नाम सामने आया है, जिसने अपने साथियों संग मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।इस अमानवीय कृत्य को लेकर जिले भर में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सामाजिक संगठन व आम जन भी आवाज उठा रहे हैं। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।
