(द दस्तक 24 न्यूज़) , 24 जुलाई 2025 जनपद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा गुरुवार को देवी अहिल्याबाई एजुकेशन फाउंडेशन के मानसिक मंदित एवं दिव्यांगजन हेतु संचालित आश्रय स्थल का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्था में निवासरत विशेष बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति एवं देखभाल व्यवस्था की गहन जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान दृष्टिबाधित बच्चों ने जिलाधिकारी को भावपूर्ण भजन सुनाकर उनका मन मोह लिया, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की और बच्चों की प्रतिभा की खुले दिल से प्रशंसा की।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अनिल चंद्रा एवं संस्था अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विशेष बच्चों की देखभाल में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, शिक्षा एवं मनोरंजन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के इस दौरे से संस्था के बच्चों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
