फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 01 अगस्त 2025 जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बाढ़ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बाढ़ चौकियों एवं शरणालयों को ‘ऐक्टिव मोड’ में रखा जाए तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाव, नाविकों एवं गोताखोरों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार स्थिति में रखा जाए। साथ ही, बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए, जिससे बाढ़ के दौरान आवागमन बाधित न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी कायमगंज, उपजिलाधिकारी अमृतपुर, तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
