फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 नवम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को संयुक्त रूप से थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना मोहम्मदाबाद पहुँचकर जनता की समस्याएँ सुनीं और मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के पहुंचते ही थाना परिसर में मौजूद फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। डीएम और एसपी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी शिकायत अनसुनी न रहे और सभी मामलों में पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने और गंभीर शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान आवासीय विवाद, भूमि विवाद, पारिवारिक प्रकरणों सहित राजस्व से जुड़े कई मामले सामने आए, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि समाधान दिवस पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से दर्ज किया जाए।
थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
