फर्रुखाबाद:नवाबगंज थाना घेराव टला, पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से मामला शांत, किसानों ने जताई राहत।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 नवम्बर 2025 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा घोषित नवाबगंज थाना घेराव अंतिम समय पर पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से टल गया। संगठन दो दिनों से प्रशासन के साथ वार्ता कर समाधान तलाशने की कोशिश में था। शनिवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से की गई बातचीत के बाद स्थिति शांत हुई।

सावित्री देवी रहेगी अपनी जगह पर, मुकदमे की होगी निष्पक्ष जांच

किसान यूनियन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक महोदया ने स्पष्ट आश्वासन दिया है कि श्रीमती सावित्री देवी अपनी जगह पर काबिज रहेंगी। उनके खिलाफ दर्ज हरिजन एक्ट के मुकदमे की जांच सीओ मोहम्मदाबाद द्वारा की जाएगी और आरोप गलत पाए जाने पर उसे समाप्त कराया जाएगा।

इसके साथ ही, विपक्षियों द्वारा जमीन कब्जाने के अवैध प्रयास की शिकायत पर भी निष्पक्ष जांच करते हुए मुकदमा दर्ज करने की प्रतिबद्धता पुलिस अधीक्षक ने जताई। इन आश्वासनों के बाद ही संगठन ने थाना घेराव टालने का निर्णय लिया।

राजस्व-पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने आरोप लगाया कि “थाना समाधान दिवस” राजस्व और पुलिस विभाग के लिए वसूली का माध्यम बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावित्री देवी प्रकरण में भी इसी तरह की अनियमितता सामने आई है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि रवैये में सुधार न हुआ तो संगठन पुलिस विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगा।

मुजफ्फरनगर सम्मेलन के प्रस्ताव गांव-गांव पहुँचाएगी यूनियन

कटियार ने बताया कि मुजफ्फरनगर के सोरम में आयोजित सर्वजातीय सर्वखाप सम्मेलन में समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए 11 प्रस्ताव पारित किए गए थे। संगठन अब पंपलेट छपवाकर इन प्रस्तावों को गांव-गांव तक पहुँचाएगा और जागरूकता अभियान चलाएगा।

पुलिस को दो टूक: रवैया नहीं सुधरा तो फिर होगा घेराव

प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद ने कहा कि पुलिस विभाग किसानों की समस्याओं को गंभीरता से ले और अपना रवैया बदले, अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने थाना नवाबगंज प्रभारी पर संगठन के साथ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि “यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो भारतीय किसान यूनियन मजबूरन थाने का घेराव करेगी।”

500 से अधिक किसान रहे मौजूद

इस दौरान जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, अफरोज मंसूरी, गोपी शाक्य, जिला उपाध्यक्ष बृजेश गंगवार, कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला संगठन मंत्री टिंकू यादव, राजेश गंगवार, जिला सचिव संजय यादव, कश्मीर सिंह गंगवार, शिवराम शाक्य, कन्हैया लाल, बांके लाल सहित 500 से अधिक किसान उपस्थित रहे।