फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तर्ज पर फर्रुखाबाद में जनपद स्तरीय ट्रेड शो-2025 (स्वदेशी मेला) का भव्य आयोजन जारी है। आज मेले का सातवां दिन उत्साह और उमंग से भरा रहा, जिसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। आगंतुकों ने स्वदेशी उत्पादों की जमकर खरीदारी की और स्थानीय उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
आज के दिन मेले में पीएम विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त उद्योग श्री एस.पी. यादव ने की।
कार्यक्रम में एमएसएमई विकास कार्यालय, कानपुर के सहायक निदेशक श्री अमित बाजपेई ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सुश्री सोनाली सिंह, सहायक आयुक्त उद्योग, ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना समेत राज्य सरकार की अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
सहायक निदेशक श्री नीरज कुमार ने पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभों और पात्रता शर्तों की विस्तृत जानकारी दी। खादी ग्रामोद्योग विभाग एवं विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयकों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी साझा की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री एस.पी. यादव ने कहा —“भारत सरकार और राज्य सरकार की योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं। सभी प्रतिभागी इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने उद्यम स्थापित करें।”
कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त उद्योग श्री मोहम्मद ऑजम ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव, श्री सचिन यादव, जिला पंचायत सदस्यगण, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा, जिला महामंत्री श्री डी.एस. राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने मेले के स्टालों का भ्रमण कर उत्पादों की खरीदारी की।
कार्यक्रम में लगभग 1150 लोगों ने सहभागिता की। साथ ही जनपद के प्रसिद्ध जादूगर श्री के.एस. गोगा ने अपनी जादू कला से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
मेले के अगले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग श्री एस.पी. यादव ने बताया कि कल दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर “स्वदेशी भारत” के इस उत्सव को सफल बनाएं।
