फर्रूखाबाद में संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ का भंडारण पकड़ा गया, जांच जारी

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अक्टूबर 2025 कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घेरशामू खां स्थित मकान नंबर 5/49 में बड़ी मात्रा में संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ मिलने से हड़कंप मच गया। शाम लगभग 6:30 बजे कोतवाली से प्राप्त सूचना पर जिलापूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें 39 ड्रमों में पारदर्शी द्रव पदार्थ बरामद किया गया।

जांच टीम में पूर्ति निरीक्षक श्रीमती नेहा गुप्ता (मुख्यालय), श्री अभिषेक गुप्ता (तहसील सदर) एवं श्री अमित चौधरी (तहसील सदर) शामिल रहे। टीम के अनुसार, मौके पर प्रो. गौरव मिश्रा उपस्थित मिले, जिन्होंने बताया कि उक्त स्थान उनके द्वारा लीज पर लिया गया है, जहां “मिश्रा ट्रेडर्स” नाम से व्यवसाय किया जाता है। उनके अनुसार बरामद ड्रमों में इंडस्ट्रियल ऑयल और हाइड्रोकार्बन मिक्स ऑयल (डिस्टिल्ड ऑयल) रखा गया है, जो उन्होंने ओमेगा एलाईड एंड केमिकल्स एवं एशिया पेट्रोकेम इंडस्ट्री, कानपुर से खरीदा है।

हालांकि, मौके पर अग्निशमन विभाग से लाइसेंस/एनओसी, अग्निशमन यंत्र, या स्टॉक व बिक्री रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाया गया। श्री गौरव मिश्रा ने बताया कि स्टॉक रजिस्टर उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट के पास है।

जांच टीम ने सभी 37 पूर्ण ड्रम (लगभग 200 लीटर प्रति ड्रम) और 2 आधे कटे ड्रम जब्त कर लिए और प्रो. गौरव मिश्रा की सुपुर्दगी में यह निर्देश के साथ सुरक्षित रखवाए कि वे सक्षम अधिकारी या न्यायालय के आदेश पर उन्हें प्रस्तुत करेंगे।

दोनों प्रकार के तेल के अलग-अलग तीन-तीन नमूने लेकर एक-एक नमूना श्री गौरव मिश्रा को भी सुपुर्द किया गया। मौके पर प्रस्तुत टैक्स इनवॉइस और ई-इनवॉइस के आधार पर यह पुष्टि हुई कि खरीदी मिश्रा ट्रेडर्स के नाम से की गई थी।

फिलहाल पदार्थ की वास्तविक प्रकृति स्पष्ट न हो पाने के कारण जांच टीम ने दोनों नमूने विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) कन्नौज भेज दिए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।