फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जून 2025 पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह के निर्देशन में सोशल मीडिया पर धार्मिक, जातिगत एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध जनपद पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। यह विशेष निगरानी अभियान 25 जून से 28 जून 2025 तक संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की गई।
तीन मामलों में त्वरित FIR व गिरफ्तारी/कार्रवाई:
थाना अमृतपुर:
इंस्टाग्राम यूज़र सीटू यादव पुत्र धनपाल सिंह निवासी ग्राम गुजरपुर पमारान द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में थाना अमृतपुर पर मु0अ0सं0 – 8/25 धारा 299/353(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 170 BNSSS के तहत न्यायालय भेजा गया।
कोतवाली मोहम्मदाबाद:
अर्जुन सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह उर्फ भूरे यादव, निवासी अवंतीबाई नगर नगला किसानन, ने फेसबुक पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की, जिससे जातीय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। इस पर कोतवाली मोहम्मदाबाद में मु0अ0सं0 – 195/2025 धारा 353 BNS व 67 IT Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। साथ ही मोबाइल नंबर की सीडीआर रिपोर्ट भी निकाली जा रही है।
थाना शमसाबाद:
ट्विटर यूज़र कृष्णा यादव पुत्र छुआरे सिंह, निवासी जैतपुर शरीफपुर छिछनी, द्वारा ट्विटर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर मु0अ0सं0 – 132/25 धारा 196/353(2) BNS के तहत एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 170 BNSSS में न्यायालय भेजा गया।
संदेश स्पष्ट: आपत्तिजनक पोस्ट पर बख्शा नहीं जाएगा
फतेहगढ़ पुलिस का यह अभियान यह दर्शाता है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी समुदाय, धर्म या जाति विशेष की भावना को ठेस पहुँचाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनपद पुलिस की अपील:
जनता से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया का सकारात्मक प्रयोग करें तथा किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
