फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए जल्द शुरू होगी डाक विभाग की स्पेशल सर्विस, व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2025 नगर उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) और दरदोज़ी उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आज डाकघर लालगेट ऑफिस में आयोजित की गई। इस बैठक में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के बीच विशेष सेवा शुरू करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में नगर उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद इख़लाक़ खान, दरदोज़ी उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष हाजी मुज़्ज़फ़्फ़र हुसैन रहमानी, जिला मंत्री मोहम्मद आक़िल खान और जिला उपाध्यक्ष रफ़त हुसैन मौजूद रहे। वहीं डाक विभाग की ओर से जिला डाक अधीक्षक श्री डी.बी. पांडेय, श्री अंकित द्विवेदी (इंस्पेक्टर डाक, फर्रुखाबाद) और श्री मनोज कुमार पाल (इंस्पेक्टर डी.एन., फतेहगढ़) बैठक में शामिल हुए।

व्यापार मंडल की मांग पर सकारात्मक निर्णय

बैठक में व्यापार मंडल द्वारा यह मांग रखी गई कि फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए प्रतिदिन डाक विभाग की विशेष गाड़ी चलाई जाए, ताकि व्यापारियों को अपने माल की समय पर डिलीवरी मिल सके। इस पर डाक विभाग ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस दिशा में काम शुरू किया जाएगा।

निर्णय लिया गया कि फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए प्रति दिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक लालगेट डाकघर से सरकारी गाड़ी चलाई जाएगी। यह गाड़ी अगले दिन सुबह 10 से 11 बजे तक दिल्ली पहुँचकर संबंधित दुकानों पर सीधे माल की डिलीवरी करेगी।

माल वापसी और स्थानीय डिलीवरी की भी सुविधा

इस सेवा का एक और बड़ा लाभ यह होगा कि दिल्ली से जो सामान व्यापारियों को फर्रुखाबाद मंगवाना होगा, वह भी इसी गाड़ी से वापस लाया जाएगा। अगले दिन सुबह 10 बजे तक फर्रुखाबाद में भी उसकी डिलीवरी कर दी जाएगी। इससे न केवल दरदोज़ी उद्योग बल्कि अन्य व्यापारियों को भी व्यापार करने में आसानी होगी।

रेट और वजन की सीमा तय

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि

न्यूनतम 1 किलो से लेकर अधिकतम 35 किलो तक का सामान इस सेवा से भेजा या मंगवाया जा सकेगा।

संभावित रेट प्रति किलो ₹61.36 होगा।

वजन बढ़ने पर रेट घटता जाएगा, जिससे व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

व्यापारियों को मिलेगा सीधा फायदा

व्यापार मंडल पदाधिकारियों का कहना है कि इस सेवा के शुरू होने से फर्रुखाबाद के व्यापारियों को निजी कोरियर सर्विस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकारी डाक विभाग की गाड़ी से न केवल समय की बचत होगी बल्कि सुरक्षा की गारंटी भी रहेगी।

आगे की रणनीति पर होगी दूसरी बैठक

बैठक के अंत में डाक विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही व्यापार मंडल के साथ एक और बैठक आयोजित कर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा और इसे जल्द लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

यह पहल दरदोज़ी उद्योग और फर्रुखाबाद के व्यापार जगत के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है, क्योंकि प्रतिदिन सरकारी कोरियर सुविधा मिलने से व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।